Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

उद्योगपति नरेंद्र अग्रवाल के घर हथियारबंद बदमाशों का धावा, सोना-नकदी लूटकर बदमाश फरार

HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

गढ़ रोड स्थित शहर के प्रमुख कारोबारी और उद्योगपति नरेंद्र अग्रवाल के आवास पर सोमवार देर रात हुई दुस्साहसिक डकैती से शहर में सनसनी फैल गई। हथियारों से लैस चार बदमाश घर में घुस आए और परिवार को बंधक बनाकर लाखों रुपये की नकदी तथा भारी मात्रा में सोने के आभूषण लूट ले गए। वारदात के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब साढ़े 12 बजे उद्योगपति का पोता सिद्धांत अपने मित्र के साथ घर लौटा था। जैसे ही मुख्य गेट खुला, पहले से आसपास मौजूद चार बदमाशों ने उसे और चौकीदार को हथियारों के बल पर कब्जे में ले लिया। बदमाश दोनों को मकान के अंदर ले गए और जान से मारने की धमकी देते हुए चुप रहने के लिए मजबूर कर दिया। इसके बाद आरोपी परिवार के अन्य सदस्यों के पास पहुंचे और सभी को एक स्थान पर बैठाकर बंधक बना लिया और मकान में मौजूद तीन सदस्यों के हाथ पैर बांध दिए। बदमाश करीब 40 से 45 मिनट तक मकान में घूमते रहे और अलमारियों व लॉकरों की तलाशी लेते रहे। इस दौरान उन्होंने घर में रखे सोने के आभूषण और नकदी अपने कब्जे में ले ली।


घटना को अंजाम देने से पहले बदमाशों ने मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को नुकसान पहुंचाया और डीवीआर भी अपने साथ ले गए, ताकि कोई साक्ष्य न बच सके। हालांकि पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण फुटेज मिलने की जानकारी है, जिसके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। परिवार के अनुसार बदमाशों ने कार लेकर भागने का भी प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। इसके बाद वे घर की एक बाइक लेकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी।


सूचना मिलते ही मेरठ रेंज डीआईजी कलानिधि नैथानी और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के क्षेत्रों की सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस की कई टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी हैं और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। 


घटना के बाद व्यापारिक संगठनों में भी चिंता का माहौल है। कारोबारियों ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जांच में कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।