Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

फर्जी नोटिस दिखाकर वसूली करने वाला जीएसटी विभाग का स्टेनो विजिलेंस के हत्थे चढ़ा


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जीएसटी विभाग में तैनात एक स्टेनो को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों में खलबली मची रही। आरोपी स्टेनो पर एक दुकानदार को फर्जी नोटिसों के जरिए डराकर उससे रकम वसूलने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार जीएसटी विभाग में सहायक आयुक्त जयप्रकाश के स्टेनो के रूप में तैनात जयदीप नामक कर्मचारी लंबे समय से दुकानदारों पर कार्रवाई का भय दिखाकर अवैध वसूली कर रहा था। आरोप है कि वह व्यापारियों को फर्जी नोटिस और जांच का डर दिखाकर उनसे मोटी रकम मांगता था। परेशान दुकानदार ने मामले की शिकायत विजिलेंस टीम से की थी।


शिकायत की जांच के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और हापुड़ नगर क्षेत्र में आरोपी को 24 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। विजिलेंस टीम की कार्रवाई के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।


बताया जा रहा है कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं इस कार्रवाई के बाद जीएसटी विभाग में तैनात कर्मचारियों में हड़कंप का माहौल है। अधिकारी पूरे मामले की जांच में जुट गए हैं और यह भी खंगाला जा रहा है कि आरोपी ने पहले किन-किन व्यापारियों से वसूली की है।


विजिलेंस की इस कार्रवाई को व्यापारियों ने राहत देने वाला कदम बताया है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि यदि ऐसे भ्रष्ट कर्मचारियों पर लगातार कार्रवाई होती रही तो विभागों में फैले भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया जा सकेगा।