Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

नारी शक्ति ही राष्ट्र निर्माण की आधारशिला, शिक्षा से महिलाएं बनें आत्मनिर्भर : ओमप्रकाश सागर


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

मोनाड विश्वविद्यालय में सोमवार को ‘नारी शक्ति वंदन’ कार्यक्रम का भव्य एवं प्रेरणादायी आयोजन उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण, नारी सम्मान और समाज में महिलाओं की भूमिका को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और महिलाओं के सम्मान व अधिकारों को लेकर अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष रालोद अनुसूचित मोर्चा ओमप्रकाश सागर रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एम. जावेद, कुलसचिव कर्नल डी.पी. सिंह, उपकुलपति (प्रशासन) प्रो. योगेश पाल सिंह एवं मुख्य अतिथि ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया। 


मुख्य अतिथि ओमप्रकाश सागर ने अपने संबोधन में कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं और देश व समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने छात्राओं को आत्मविश्वास, अनुशासन और शिक्षा के माध्यम से अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति समाज के प्रत्येक व्यक्ति को संवेदनशील होना चाहिए।


कुलपति डॉ. एम. जावेद ने कहा कि नारी शक्ति समाज की वास्तविक प्रेरक शक्ति है और राष्ट्र के विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। कुलसचिव कर्नल डी.पी. सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण कर सकता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से सामाजिक मूल्यों और नैतिक जिम्मेदारियों का पालन करने का आह्वान किया।


कार्यक्रम के दौरान महिला सम्मान और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण और प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर डॉ. प्रताप सिंह, डॉ. महीप मिश्रा, डॉ. ऋतु चिक्कारा, विकास त्यागी, डॉ. सुमित कुमार, डॉ. पवन शर्मा, डॉ. सौरभी दत्ता, डॉ. अमित चौधरी, डॉ. अमित सिंह, संजीव निमेष, विपुल चौधरी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।