Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

चिंतौली अंडरपास के ऊपर हाईवे पर दर्दनाक हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से दंपती घायल


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

थाना हाफिजपुर क्षेत्र में चिंतौली अंडरपास के ऊपर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार तड़के तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दंपती को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद सड़क पर चीखपुकार मच गई। बाइक पर सवार दो छोटे बच्चे भी हादसे के दौरान सहम गए। सूचना मिलने पर डायल 112 और हाफिजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार परिवार किसी कार्य से लौट रहा था। जैसे ही उनकी बाइक चिंतौली अंडरपास के ऊपर पहुंची, पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पति-पत्नी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।


बताया गया है कि हादसे में युवक के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि उसकी पत्नी भी घायल हुई है। दोनों बच्चों को भी हल्की चोटें आई हैं और वे हादसे के बाद काफी डरे हुए दिखाई दिए। पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर सभी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। हाफिजपुर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। 


पुलिस का कहना है कि टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है और फुटेज के आधार पर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं हादसे के बाद कुछ समय तक हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।