HALCHAL INDIA NEWS
हापुड़। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के ग्राम गोहरा आलमगीरपुर में करीब आठ दिन पूर्व सब्जी विक्रेता पर की गई जानलेवा फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चार अवैध तमंचे, पांच खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त थार कार बरामद की गई है।
थाना प्रभारी मुनीश प्रताप सिंह के अनुसार आरोपियों ने पैसे के लेनदेन के विवाद में सब्जी विक्रेता पर फायरिंग कर इलाके में दहशत फैलाने का प्रयास किया था। बीएनएस व 7 क्रिमिनल लॉ एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में वांछित चार अभियुक्तों को गंगा एक्सप्रेस-वे स्थित गोहरा कट के पास से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनुज पुत्र वीरेंद्र निवासी ग्राम जैतपुर (शेखपुर) थाना बाबूगढ़, विनीत पुत्र सत्यप्रकाश शर्मा निवासी ग्राम सेहरा थाना बीबीनगर जनपद बुलंदशहर, मुकेश पुत्र योगेंद्र उर्फ गिन्दर सिंह निवासी ग्राम खैरपुर थाना पिलखुवा तथा नरेश पुत्र मीर सिंह निवासी ग्राम सिकंदरपुर काकौड़ी थाना बाबूगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि सब्जी विक्रेता के साथ आरोपियों का पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से उस पर फायरिंग कर जान से मारने का प्रयास किया। घटना के बाद से क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल बना हुआ था। पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थी।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के पास से 315 बोर के चार अवैध तमंचे, पांच खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त थार कार (रजिस्ट्रेशन नंबर UP 17 AC 5641) बरामद की गई। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने पूछताछ में घटना से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य स्वीकार किए हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में कुछ का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। अभियुक्त मुकेश के खिलाफ पूर्व में आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं, जबकि नरेश के खिलाफ मारपीट, धमकी और जानलेवा हमले जैसे मामलों में पहले भी कार्रवाई हो चुकी है। थाना बाबूगढ़ पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

.jpeg)





.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)




Social Plugin