हापुड़।
जनपद के हाफिजपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बृजनाथपुर गांव की रहने वाली चार महिलाएं और एक मासूम बच्चा गुलावठी जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार टाटा इंडिगो कार ने अनियंत्रित होकर उन्हें कुचल दिया। हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक महिला और एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क किनारे खड़े होकर बस का इंतजार कर रही महिलाओं को अचानक तेज गति से आई कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।
हादसे में सितारा, सरोज शर्मा और संतोष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल महिला और चार वर्षीय बच्चे को तत्काल उपचार के लिए गुलावठी अस्पताल ले जाया गया। वहां उपचार के दौरान एक अन्य महिला रूबी की हालत बिगड़ने पर उसे हापुड़ जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है। बच्चे की हालत भी नाजुक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही हाफिजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाने के साथ ही स्थिति को संभाला। पुलिस ने हादसे में शामिल कार और चालक को हिरासत में ले लिया है तथा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए पिलखुवा क्षेत्राधिकारी अनीता चौहान और हापुड़ सदर एसडीएम इला प्रकाश जिला अस्पताल पहुंचीं और घायलों का हाल जाना।
अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए आश्वासन दिया कि मामले में निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है और ग्रामीणों में तेज रफ्तार वाहनों को लेकर आक्रोश भी देखा जा रहा है।
.jpg)




.jpeg)




.jpeg)
.jpeg)

.jpeg)



Social Plugin