हापुड़। परशुराम जयंती के अवसर पर शहर में आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। डॉक्टर पराग शर्मा के नेतृत्व में निकाली गई भव्य शोभा यात्रा ने पूरे नगर को भक्तिमय माहौल में रंग दिया। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी में निकली इस शोभा यात्रा ने जहां-जहां से गुजरते हुए जयकारों से वातावरण गुंजायमान कर दिया। शोभा यात्रा का शुभारंभ रामलीला मैदान स्थित ब्राह्मण प्याऊ से हुआ, जहां विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर यात्रा को रवाना किया गया। इसके बाद शोभा यात्रा परशुराम मंदिर पहुंची, जहां डॉ. पराग शर्मा सहित सभी श्रद्धालुओं ने भगवान परशुराम की आराधना कर आशीर्वाद लिया।
यात्रा जैसे-जैसे शहर के प्रमुख मार्गों से आगे बढ़ती गई, वैसे-वैसे श्रद्धालुओं का उत्साह भी बढ़ता गया। तहसील चौराहा, अतरपुरा चौराहा, पक्के बाग और रेलवे रोड होते हुए फ्री गंज रोड स्थित रेलवे पार्क तक पहुंची इस शोभा यात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा और स्वागत किया गया। मार्ग में विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों द्वारा स्वागत कैंप लगाए गए, जहां डॉ. पराग शर्मा को सम्मानित किया गया और श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई। पूरे मार्ग में ‘जय परशुराम’ के गगनभेदी नारों से शहर का माहौल भक्तिमय बना रहा। शोभा यात्रा में युवा, बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए, जिससे आयोजन की भव्यता और भी बढ़ गई।
डॉ. पराग शर्मा ने कहा “भगवान परशुराम सिर्फ एक देवी-देवता नहीं, बल्कि सनातन धर्म के साहस, त्याग और न्याय के प्रतीक हैं। यह शोभा यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता को मजबूत करने का माध्यम है। आज जिस तरह हजारों की संख्या में लोग एक साथ जुड़े हैं, यह हमारे समाज की एकजुटता और आस्था का प्रमाण है। हमारा उद्देश्य है कि नई पीढ़ी भी अपने संस्कारों और संस्कृति से जुड़े, भगवान परशुराम के आदर्शों को अपनाए और समाज में सद्भाव व नैतिक मूल्यों को बढ़ावा दे। आगे भी हम इसी तरह के आयोजन करते रहेंगे, ताकि समाज में सकारात्मक ऊर्जा और एकता का संदेश फैलता रहे।”
कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। शोभा यात्रा के समापन पर श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को परशुराम जयंती की शुभकामनाएं दीं और पूरे आयोजन को ऐतिहासिक बताया।






Social Plugin