Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

हापुड़ में पेयजल व्यवस्था सुधरने की बड़ी तैयारी, 109 करोड़ की योजना को मंजूरी

HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़ शहर में पेयजल संकट से राहत दिलाने के लिए बड़ी पहल की जा रही है। जल निगम नगरीय की अमृत योजना 2.0 के तहत करीब 109 करोड़ रुपये की परियोजना को केंद्र सरकार से स्वीकृति मिल गई है। इस योजना के जरिए शहर के लगभग 120 मोहल्लों में करीब 253 किलोमीटर लंबी नई पेयजल पाइपलाइन बिछाई जाएगी।

इसके साथ ही जल आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए नए ओवरहेड टैंक, ट्यूबवेल और पंप हाउस भी बनाए जाएंगे। इस पूरी योजना से शहर की करीब डेढ़ लाख आबादी को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है और लंबे समय से चली आ रही पानी की समस्या में सुधार होगा।

दरअसल, शहर के कई इलाकों में करीब 30 साल पुरानी पाइपलाइन अब जर्जर हो चुकी है। बढ़ती आबादी और ऊंची इमारतों के कारण पानी का दबाव कम हो गया है। कई जगह लीकेज की समस्या के चलते पानी की गुणवत्ता भी प्रभावित हो रही है, जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हो गए थे कि कई लोगों ने खुद के स्तर पर सबमर्सिबल पंप लगवा लिए।

इन समस्याओं को देखते हुए प्रस्ताव तैयार कर केंद्र सरकार को भेजा गया था, जिस पर करीब एक साल से प्रक्रिया चल रही थी। अब मंजूरी मिलने के बाद टेंडर जारी कर दिए गए हैं और जल्द ही काम शुरू होने की उम्मीद है।

योजना के तहत पाइपलाइन की क्षमता बढ़ाई जाएगी ताकि पानी का दबाव इतना रहे कि चार मंजिला इमारतों तक आसानी से आपूर्ति हो सके। साथ ही ओवरहेड टैंक की ऊंचाई भी मानकों के अनुसार रखी जाएगी।

इस परियोजना में शहर के कई प्रमुख मोहल्लों में नई लाइन बिछाने का काम किया जाएगा, जिससे लोगों को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल मिल सकेगा।