HALCHAL INDIA NEWS
हापुड़।
शहर में जलभराव की समस्या अब स्कूली बच्चों की पढ़ाई पर भारी पड़ने लगी है। एलएन पब्लिक स्कूल के छात्रों को रोजाना गंदे पानी से होकर स्कूल पहुंचना पड़ रहा है, जिससे न केवल उनकी दिनचर्या प्रभावित हो रही है बल्कि स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बढ़ गए हैं। परेशान छात्र-छात्राएं और स्कूल प्रशासन इस समस्या को लेकर जिला अधिकारी के दरबार तक पहुंच गए।
मंगलवार को स्कूल की प्रिंसिपल कुछ छात्रों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचीं और जिलाधिकारी से मिलकर समस्या से अवगत कराया। छात्रों ने बताया कि स्कूल के रास्ते में लंबे समय से जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार बच्चे गिर जाते हैं और गंदे पानी के कारण बीमार पड़ने का खतरा बना रहता है।
प्रिंसिपल ने भी जिलाधिकारी को बताया कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। जलभराव के कारण स्कूल आने-जाने में बच्चों की संख्या भी प्रभावित हो रही है और अभिभावकों में भी चिंता का माहौल है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी अभिषेक पांडे ने तत्काल संज्ञान लिया और नगरपालिका के अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने जल्द से जल्द जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए, ताकि छात्रों और स्थानीय लोगों को राहत मिल सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के बाद से ही क्षेत्र में जलभराव की समस्या बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। अब छात्रों के माध्यम से मामला सामने आने के बाद लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही इस समस्या का समाधान होगा।




.jpeg)





.jpeg)
.jpeg)

.jpeg)



Social Plugin