Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

भीषण गर्मी से बेहाल लोग, कल से बारिश के आसार


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

जिले में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार जारी है। बुधवार को भी चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किए रखा। दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आईं और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। मौसम विभाग ने शुक्रवार से मौसम बदलने और बारिश की संभावना जताई है, जिससे तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है।

सुबह से ही तेज धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, गर्मी का असर और बढ़ता गया। सुबह 10 बजे के बाद से ही लोगों ने घरों से निकलना कम कर दिया। बाहर निकलने वाले लोग धूप से बचने के लिए छाता, गमछा और अन्य उपायों का सहारा लेते दिखाई दिए।

गर्मी से राहत पाने के लिए पेय पदार्थों की दुकानों पर दिनभर भीड़ लगी रही। वहीं मजदूर और किसान तेज धूप के बावजूद काम करते नजर आए। बुधवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। करीब 16 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी।

शाम के समय भी गर्मी का असर कम नहीं हुआ और उमस के कारण लोगों को राहत नहीं मिल सकी।

मौसम वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ और पुरवा हवाओं के प्रभाव से मौसम में बदलाव होने की संभावना है। शुक्रवार से जिले में बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।