Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

सीएचसी में आयुष्मान कार्ड को लेकर पहुंचे परिजनों और प्रशिक्षुओं के बीच विवाद, मारपीट तक पहुंचा मामला


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

गढ़ रोड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में शुक्रवार को आयुष्मान कार्ड बनवाने आई एक महिला और उसकी बेटी का टीकाकरण प्रशिक्षण ले रही दो युवतियों से विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया, जिससे अस्पताल परिसर में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया।

                                   

अस्पताल प्रशासन के अनुसार छावनी क्षेत्र की एक महिला अपनी बेटी और बहन के साथ सीएचसी पहुंची थी। महिला को आयुष्मान कार्ड संबंधी कार्य कराना था, जबकि उसकी बहन दवा लेने आई थी। इसी दौरान महिला और उसकी बेटी अस्पताल परिसर में बाहर खड़ी थीं। आरोप है कि वहां मौजूद दो प्रशिक्षु आपस में बातचीत करते हुए हंस रही थीं, जिसे मां-बेटी ने अपने ऊपर टिप्पणी समझ लिया।

इस बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही तीखी नोकझोंक में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान एक प्रशिक्षु के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट भी हुई। स्थिति बिगड़ती देख आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक हंगामा जारी रहा।

मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर उनकी बात सुनी। बाद में अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी गई। फुटेज में प्रशिक्षु हंसती हुई दिखाई दीं, लेकिन किसी प्रकार की आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए नहीं दिखीं।

दूसरी ओर, युवती का कहना है कि संबंधित प्रशिक्षुओं ने पहले भी एक रेस्टोरेंट में उसे देखकर टिप्पणी की थी और इस बार भी वही व्यवहार दोहराया गया। वहीं, प्रशिक्षु शिवानी ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। दूसरा पक्ष भी अपने आरोपों पर कार्रवाई चाहता है।

अधीक्षक का बयान

सीएचसी अधीक्षक डॉ. कपिल गौतम ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच गलतफहमी के कारण विवाद उत्पन्न हुआ। सीसीटीवी फुटेज में प्रशिक्षु हंसती हुई दिखाई दे रही हैं, लेकिन किसी प्रकार की टिप्पणी का प्रमाण नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में मारपीट उचित नहीं है और मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है।