हापुड़।
जनपद में मंगलवार को अलग-अलग स्थानों पर आग लगने की दो घटनाओं से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रीत विहार स्थित एक मकान की दूसरी मंजिल पर रखे इन्वर्टर और बैटरी में आग लगने से घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया, जबकि रामपुर रोड स्थित डंपिंग ग्राउंड में कबाड़ के ढेर में लगी आग ने आसपास के क्षेत्र में धुएं का गुबार फैला दिया। दोनों स्थानों पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने समय रहते आग पर काबू पाकर संभावित बड़े नुकसान को टाल दिया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को प्रीत विहार क्षेत्र में आग लगने की सूचना मिलते ही प्रभारी अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में फायर सर्विस यूनिट तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि द्वारिका धाम कॉलोनी निवासी अजय कुमार पुत्र बदलू सिंह के मकान की दूसरी मंजिल पर बनी ममटी में रखे इन्वर्टर, बैटरी और एक लोहे की सेफ के अंदर रखे कपड़ों में आग लगी हुई है। आग तेजी से फैल रही थी और आसपास रखा घरेलू सामान भी इसकी चपेट में आ गया था।
फायर कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का कार्य शुरू किया। स्थानीय पुलिस और मौजूद लोगों की मौजूदगी में सेफ का ताला खुलवाया गया, जिसके अंदर रखे जले हुए कपड़ों को बाहर निकालकर पूरी तरह बुझाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूर्ण रूप से नियंत्रण पा लिया गया। इस घटना में बैटरी, इन्वर्टर, वाशिंग मशीन, पंखा, सेफ तथा कपड़े जलकर नष्ट हो गए। राहत की बात यह रही कि आग लगने से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
इसी दौरान रामपुर रोड स्थित डंपिंग ग्राउंड में कबाड़ के ढेर में आग लगने की सूचना भी फायर विभाग को मिली। सूचना मिलते ही फायर सर्विस यूनिट मौके पर पहुंची और दमकल वाहनों की सहायता से आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। कबाड़ में लगी आग के कारण आसपास के क्षेत्र में धुआं फैल गया था, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। फायर कर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोका और स्थिति को नियंत्रित किया।
दोनों घटनाओं में फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। आग बुझाने के बाद फायर विभाग की टीम ने स्थानीय लोगों को अग्नि सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी दी और विद्युत उपकरणों के उपयोग में सावधानी बरतने की सलाह दी। अधिकारियों ने कहा कि गर्मी के मौसम में बिजली के उपकरणों और ज्वलनशील सामग्री के प्रति विशेष सतर्कता बरतना आवश्यक है ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।
.jpg)






.jpeg)




.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)




Social Plugin