Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

मौसम में बदलाव के बाद एसी बाजार ठंडा, मांग में आई कमी


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

पिछले सप्ताह मौसम में आए बदलाव और बारिश के बाद एयर कंडीशनर (एसी) की मांग में कमी दर्ज की गई है। वहीं, एक जून से एसी की कीमतों में 5 से 10 प्रतिशत तक बढ़ोतरी होने के कारण कारोबार पर भी असर पड़ा है। व्यापारियों के अनुसार एसी की बिक्री में करीब 40 प्रतिशत तक गिरावट आई है।

पिछले महीने भीषण गर्मी, तेज धूप और लू के चलते लोगों ने राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में एसी खरीदे थे। उस दौरान शहर के कई इलेक्ट्रॉनिक शोरूम और दुकानों में एसी का स्टॉक लगभग खत्म हो गया था। लेकिन पिछले सप्ताह मौसम बदलने और बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई, जिससे गर्मी का असर कम हुआ और एसी की मांग भी घट गई।

व्यापारियों का कहना है कि जहां पहले प्रतिदिन पांच से छह एसी बिक रहे थे, वहीं अब बिक्री घटकर तीन से चार एसी प्रतिदिन रह गई है। इसके अलावा कच्चे माल की बढ़ी हुई लागत के चलते एक जून से एसी की कीमतों में 5 से 10 प्रतिशत तक की वृद्धि भी हुई है।

शिवपुरी स्थित एक शोरूम संचालक ईशु साहनी ने बताया कि इस वर्ष पिछले साल की तुलना में कारोबार में 25 से 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई थी, लेकिन मौसम में बदलाव के बाद बिक्री धीमी पड़ गई है। उन्होंने बताया कि पहले 29 हजार रुपये में मिलने वाला स्प्लिट एसी अब 1,500 से 2,000 रुपये महंगा हो गया है। वहीं विंडो एसी की कीमत भी 29 हजार रुपये से बढ़कर करीब 31 हजार रुपये तक पहुंच गई है।

व्यापारियों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने के साथ एसी की मांग और कारोबार दोनों में फिर से तेजी आएगी।