Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

खाद्य सुरक्षा कानून की कार्यवाही से व्यापारी परेशान, नियमों में संशोधन की मांग तेज

HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़ जनपद के व्यापारियों ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अंतर्गत की जा रही कार्यवाही को लेकर प्रशासन से विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग उठाई है। व्यापारियों का कहना है कि वर्तमान नियमों के कारण छोटे और मध्यम स्तर के व्यापारियों को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है तथा कई प्रावधान व्यावहारिक परिस्थितियों के अनुरूप नहीं हैं।


व्यापारियों ने मांग की है कि खाद्य सुरक्षा पंजीकरण के लिए निर्धारित 12 लाख रुपये वार्षिक टर्नओवर की सीमा को बढ़ाकर 40 लाख रुपये किया जाए, ताकि महंगाई के दौर में छोटे व्यापारियों को राहत मिल सके। उन्होंने बिना लाइसेंस पाए जाने पर दंडात्मक प्रावधानों को भी समाप्त करने की मांग की है। साथ ही ऑनलाइन फूड सप्लाई करने वाले डिलीवरी कर्मियों और राष्ट्रीय स्तर की कंपनियों पर भी समान रूप से लाइसेंस और पंजीकरण नियम लागू करने की आवश्यकता बताई है।


व्यापारियों का कहना है कि पैक्ड खाद्य पदार्थों में किसी भी प्रकार की मिलावट या कमी के लिए खुदरा और थोक विक्रेताओं को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है, क्योंकि उत्पाद का निर्माण और पैकेजिंग कंपनियों द्वारा की जाती है। ऐसे मामलों में केवल निर्माता कंपनी को ही दोषी माना जाए।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सैंपलिंग के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया जाता, कई बार सैंपल लिए गए सामान का भुगतान नहीं किया जाता और मौके पर आवश्यक प्रपत्र भी उपलब्ध नहीं कराए जाते, जिससे व्यापारियों में असंतोष बढ़ रहा है। सैंपलिंग प्रक्रिया के दौरान व्यापार मंडल प्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है।


व्यापारियों ने कृषि क्षेत्र में कीटनाशकों और रासायनिक खादों के अनियंत्रित उपयोग पर चिंता जताते हुए कहा कि दूषित उत्पादन के लिए केवल व्यापारियों को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है। उन्होंने खाद्य पदार्थों के मानकों की वर्तमान परिस्थितियों के अनुसार पुनर्समीक्षा करने की मांग की है।

इसके अतिरिक्त ऑनलाइन रिटर्न जमा न करने पर लगाई जा रही लेट फीस और जुर्माने को समाप्त करने तथा छोटे और मध्यम उद्योगों को राहत देने की भी मांग की गई है। व्यापारियों का कहना है कि नियमों में व्यावहारिक संशोधन कर ही व्यापार और उपभोक्ता हितों के बीच संतुलन स्थापित किया जा सकता है।