HALCHAL INDIA NEWS
हापुड़।
क्षेत्र के छपकोली गांव में पिछले दो दिनों से मगरमच्छ की दहशत बनी हुई है। बृहस्पतिवार को गांव के झोड़ के पास चारा चरने गई दो गायों पर मगरमच्छ ने अचानक हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मगरमच्छ ने गायों को पकड़कर पानी की ओर खींचने की कोशिश की, लेकिन खेतों में काम कर रहे किसानों ने शोर मचाकर और साहस दिखाते हुए किसी तरह गायों को उसके मुंह से छुड़ा लिया। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
मगरमच्छ के दिखने और हमला करने की खबर आग की तरह फैल गई। ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही रेंजर मनोज कांडपाल के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और झोड़ तथा आसपास के खेतों में मगरमच्छ की तलाश शुरू कर दी। टीम ने घंटों सर्च अभियान चलाया और झोड़ में जाल भी बिछाया, लेकिन देर शाम तक मगरमच्छ का कोई सुराग नहीं लग सका। जाल में मगरमच्छ की जगह कूड़ा-करकट फंसता रहा।
मगरमच्छ के नहीं पकड़े जाने से ग्रामीणों में भय का माहौल कायम है। किसानों का कहना है कि खेतों पर जाने में डर लग रहा है। पशुपालक भी अपने मवेशियों को झोड़ के पास ले जाने से कतरा रहे हैं। ग्रामीणों का मानना है कि मगरमच्छ आसपास ही कहीं छिपा हो सकता है, जिससे कभी भी कोई बड़ी घटना हो सकती है।
रेंजर मनोज कांडपाल ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर टीम ने मौके पर पहुंचकर सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन मगरमच्छ नहीं मिला। एहतियात के तौर पर ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। उन्होंने कहा कि यदि दोबारा मगरमच्छ दिखाई दे तो तुरंत वन विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते रेस्क्यू अभियान चलाया जा सके।
.jpg)







.jpeg)
.jpeg)

.jpeg)



Social Plugin