Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

टोलकर्मी पर कार चढ़ाने की कोशिश, आरोपी गिरफ्तार


HALCHAL INDIA NEWS

गढ़मुक्तेश्वर। टोल शुल्क को लेकर हुए विवाद में टोलकर्मी पर कार चढ़ाने का प्रयास करने वाले आरोपी को थाना गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और कुछ ही घंटों में आरोपी को दबोच लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली है।


जानकारी के अनुसार ब्रजघाट टोल प्लाजा पर टोल शुल्क मांगने को लेकर कार सवार युवक का टोलकर्मी से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान युवक ने गुस्से में कार को तेज रफ्तार से टोलकर्मी की ओर बढ़ा दिया और उसे कुचलने का प्रयास किया। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई और देखते ही देखते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।


मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गढ़मुक्तेश्वर थाना पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, वाहन नंबर और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान गोविन्द पुत्र जीराज निवासी मनीमाजरा, न्यू इन्द्रा कॉलोनी, थाना आईटी पार्क, चंडीगढ़ के रूप में हुई। 


पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को ब्रजघाट टोल प्लाजा के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त आई-20 कार (रजि. नं. CH01BP2965) बरामद कर ली है। आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।