Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

एग्जाम देकर लौट रहे तीन छात्रों की बाइक को छोटा हाथी ने मारी टक्कर, एक की मौत, दो गंभीर


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

जनपद के धौलाना–पिलखुवा मार्ग पर बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसे में हाईस्कूल का पेपर देकर लौट रहे तीन छात्रों की बाइक को तेज रफ्तार छोटा हाथी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में एक छात्र की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई, जबकि दो अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। 


जानकारी के अनुसार जुबैर पुत्र इकबाल, अय्यान पुत्र फईम और रियान पुत्र वकील श्री पटेल स्मारक इंटर कॉलेज के छात्र हैं। तीनों मित्र हाईस्कूल की परीक्षा देने राजपूताना इंटर कॉलेज गए थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद वे बाइक से घर लौट रहे थे। कंदौला प्रताप गेट के पास तेज रफ्तार छोटा हाथी वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।


सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल धौलाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने जुबैर को मृत घोषित कर दिया। अय्यान और रियान की हालत गंभीर होने पर 108 एंबुलेंस से उन्हें मेरठ के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे में छोटा हाथी चालक भी घायल हुआ है, जिसका उपचार सरकारी अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। 


बेटे का शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।