Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

‘मनरेगा बचाओ’ पदयात्रा को लेकर कांग्रेस का ऐलान, भाजपा सरकार पर साधा निशाना


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यालय पर गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए 13 फरवरी को प्रस्तावित ‘मनरेगा बचाओ’ पदयात्रा की रूपरेखा साझा की। जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के सभी 75 जनपदों में एक साथ यह यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, महिलाएं, युवा और मजदूर भाग लेंगे।


राकेश त्यागी ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने मनरेगा योजना की मूल भावना को कमजोर करने का काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मजदूरों के अधिकारों में कटौती की जा रही है और भुगतान में देरी तथा नियमों में बदलाव से ग्रामीण श्रमिकों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “मनरेगा देश के करोड़ों गरीब परिवारों के लिए जीवन रेखा है। यह योजना सिर्फ रोजगार नहीं देती, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देती है। लेकिन भाजपा सरकार लगातार इसमें ऐसे बदलाव कर रही है, जिससे मजदूरों का हक छीना जा रहा है। कांग्रेस इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। 

राकेश त्यागी ने आगे कहा कि आज देश में शिक्षा व्यवस्था को भी कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने यूजीसी से जुड़े मुद्दों का उल्लेख करते हुए कहा कि “उच्च शिक्षा संस्थानों की स्वायत्तता पर चोट की जा रही है। नई नीतियों के नाम पर छात्रों और शिक्षकों के अधिकारों को सीमित किया जा रहा है। शिक्षा को केंद्रीकृत कर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी शिक्षा, रोजगार और सामाजिक न्याय के सवाल पर चुप नहीं बैठेगी।


उन्होंने अंतरराष्ट्रीय व्यापार समझौतों का जिक्र करते हुए कहा कि विदेशी ट्रेड डील के नाम पर देश के छोटे व्यापारियों, किसानों और मजदूरों के हितों को नजरअंदाज किया जा रहा है। सरकार बड़े कॉरपोरेट घरानों को फायदा पहुंचाने में लगी है, जबकि आम आदमी महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रहा है। कांग्रेस इन नीतियों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगी और सड़कों पर उतरकर मजदूरों की आवाज बुलंद करेगी।

जिलाध्यक्ष ने बताया कि पदयात्रा हापुड़ के रामलीला ग्राउंड स्थित शहीद स्मारक से शुरू होकर दिल्ली रोड, फ्री गंज रोड और रेलवे रोड होते हुए नगरपालिका परिषद परिसर स्थित गांधी प्रतिमा पर समाप्त होगी। उन्होंने दावा किया कि यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे और यह आंदोलन मजदूरों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित रहेगा। 


पूर्व विधायक गजराज सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार मजदूरों का शोषण कर रही है और कांग्रेस जन इसके विरोध में सड़क पर उतरेंगे। पूर्व विधायक गजराज सिंह ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार समाज को विभिन्न मुद्दों पर बांटने की राजनीति कर रही है, जिसका कांग्रेस विरोध करती है। प्रेस वार्ता में पूर्व शहर अध्यक्ष दिनेश चंद शर्मा, जिला महासचिव कपिल शर्मा, एससी-एसटी जिलाध्यक्ष नरेश कुमार भाटी, जिला महासचिव गौरव गर्ग, जिला महासचिव पूरन मल आनंद सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। कांग्रेस नेताओं ने पदयात्रा को सफल बनाने का आह्वान किया।