Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

जीएस सुपरस्पेशियलिटी में टीबी व कैंसर की मुफ्त जांच, 100 से अधिक मरीजों की स्क्रीनिंग


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

चिकित्सा स्वास्थ्य, परिवार एवं कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर जीएस सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल में टीबी एवं कैंसर रोगों की रोकथाम को लेकर विशेष निःशुल्क स्क्रीनिंग कैम्प का आयोजन किया गया। कैम्प में 100 से अधिक मरीजों की जांच कर विशेषज्ञ चिकित्सकों ने परामर्श दिया।


कैम्प के दौरान रेडिएशन ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. ललिता सिंघल ने बताया कि वर्तमान समय में मुंह, गले, स्तन और सर्वाइकल (बच्चेदानी) कैंसर के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने कहा कि समय रहते लक्षणों की पहचान और जांच से कैंसर पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। 

उन्होंने मरीजों को सलाह दी कि शरीर में किसी भी असामान्य गांठ, अचानक वजन कम होना, अनियमित रक्तस्राव या लंबे समय तक रहने वाली परेशानी को नजरअंदाज न करें और तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें। डॉ. सिंघल ने 9 वर्ष से अधिक आयु की बालिकाओं को एचपीवी टीकाकरण कराने की भी सलाह दी, जिससे सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम संभव हो सके।


भारत सरकार के टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत क्षय रोग विभाग की टीम ने भी लक्षणों के आधार पर मरीजों की जांच की। आवश्यकतानुसार एक्स-रे और बलगम की जांच कराई गई, ताकि समय पर रोग की पहचान कर उपचार शुरू किया जा सके।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील त्यागी ने कहा कि जनपद में विभिन्न अस्पतालों में इस प्रकार के जागरूकता एवं जांच कैम्प आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके और गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान हो।


इस अवसर पर मेडिकल डायरेक्टर डॉ. रूपाली शर्मा, उपजिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. कृष्ण कुमार शर्मा, जिला पीपीएम समन्वयक सुनील चौधरी, एमएस डॉ. शरद गोयल, उपनिदेशक मनोज शिशोदिया, डॉ. लबिका सहित अन्य चिकित्सक व स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।