Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

वायरल होने की चाह में किशोर ने रचा आत्महत्या का ड्रामा, पुलिस की सतर्कता से टली अनहोनी


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने की होड़ में एक किशोर ने ऐसा कदम उठा लिया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। सिंभावली क्षेत्र के गांव हाजीपुर में रहने वाले एक किशोर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर आत्महत्या जैसा दृश्य दिखाते हुए वीडियो साझा कर दिया। वीडियो में उसके हाथ में कथित रूप से जहर की पुड़िया दिखाई दे रही थी और साथ में भावनात्मक संदेश लिखा था कि यह उसकी जिंदगी का आखिरी दिन है। पोस्ट सामने आते ही पुलिस हरकत में आ गई और तुरंत उसके घर पहुंची।


वीडियो में किशोर ने ऐसा माहौल बनाया था, जिससे देखने वालों को लगा कि वह कोई बड़ा कदम उठाने जा रहा है। कैप्शन में लिखे संदेश ने स्थिति को और गंभीर बना दिया। सूचना मिलते ही सिंभावली पुलिस ने बिना देर किए हाजीपुर स्थित उसके घर पहुंचकर स्थिति की जांच की। पुलिस के पहुंचने पर परिवार के लोग भी घबराए हुए मिले।


प्रारंभिक पूछताछ में किशोर ने स्वीकार किया कि उसने यह वीडियो केवल सोशल मीडिया पर व्यूज और फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए बनाया था। उसने बताया कि उसका उद्देश्य वीडियो को वायरल करना था, ताकि उसके अकाउंट की लोकप्रियता बढ़ सके। पुलिस अधिकारियों के अनुसार किशोर ने जानबूझकर नाटकीय दृश्य तैयार किया था, जिससे लोगों का ध्यान आकर्षित किया जा सके।


थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि समय रहते पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई, जिससे किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति की आशंका समाप्त हो गई। पूछताछ के दौरान किशोर ने अपनी गलती मानी और भविष्य में ऐसी हरकत न करने का आश्वासन दिया। पुलिस ने उसे कड़ी चेतावनी देते हुए परिजनों को भी समझाया कि बच्चों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रखना आवश्यक है।