Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

महाशिवरात्रि पर सुरक्षा चाक-चौबंद रहेगी, श्रद्धालुओं को नहीं होगी असुविधा: डीएम अभिषेक पांडे

HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

महाशिवरात्रि पर्व को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अभिषेक पांडे ने सबली स्थित प्राचीन महादेव मंदिर का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था और यातायात प्रबंधन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र का भ्रमण कर भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास मार्ग अलग-अलग रखने, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी बढ़ाने और पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं, ऐसे में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए समुचित इंतजाम किए जाएं। 


डीएम ने नगर पालिका एवं संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि मंदिर परिसर एवं मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। पेयजल के पर्याप्त टैंकर, अस्थायी शौचालय और चिकित्सा सहायता के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर तैनात रहे। साथ ही विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और खुले तारों की जांच कर सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए।


यातायात व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि पर्व के दिन रूट डायवर्जन प्लान जो तैयार किया गया है उसको अच्छे से अमल में लाया जाए, ताकि आमजन को असुविधा न हो। पार्किंग स्थलों को चिन्हित कर वहां पर्याप्त पुलिस बल और स्वयंसेवकों की तैनाती की जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अभिषेक पांडे ने कहा, “महाशिवरात्रि आस्था का बड़ा पर्व है। जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण में दर्शन-पूजन का अवसर मिले। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और यह सुनिश्चित करें कि कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति न बने। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोपरि है।”