Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

लेबर कोड के विरोध में मेडिकल व सेल्स रिप्रेजेंटेटिव्स का प्रदर्शन, श्रमिक हितों की रक्षा को बुलंद की आवाज


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

नए लेबर कोड के विरोध में 12 फरवरी को आयोजित देशव्यापी हड़ताल के समर्थन में यूपी-उत्तराखंड मेडिकल एवं सेल्स रिप्रेजेंटेटिव्स एसोसिएशन (यूपीएमएसआरए) की हापुड़ इकाई ने बैठक कर प्रदर्शन किया। पदाधिकारियों ने श्रमिक हितों से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए सरकार से व्यापक संवाद के बाद ही किसी भी संशोधन को लागू करने की मांग की।


बैठक में वक्ताओं ने कहा कि प्रस्तावित लेबर कोड के कुछ प्रावधान श्रमिक वर्ग के हितों के प्रतिकूल हैं। उनका कहना था कि कार्य के घंटे 12 तक बढ़ाए जाने की संभावना, न्यूनतम वेतन, बोनस और ग्रेच्युटी जैसे अधिकारों पर प्रभाव, स्थायी रोजगार की व्यवस्था में कमी तथा ठेका और फिक्स्ड टर्म रोजगार को बढ़ावा दिए जाने से श्रमिकों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा कमजोर हो सकती है। 

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने हड़ताल के अधिकार पर संभावित प्रतिबंध, यूनियन गठन एवं मान्यता में आने वाली बाधाओं और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं जैसे ईएसआई व पीएफ की अनिश्चितता को भी श्रमिकों की प्रमुख चिंता बताया। उन्होंने कहा कि यदि इन बिंदुओं पर श्रमिक संगठनों से सार्थक संवाद नहीं किया गया तो असंतोष और बढ़ सकता है। 


हापुड़ इकाई के सदस्यों ने सर्वसम्मति से श्रमिक अधिकारों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। पदाधिकारियों ने केंद्र सरकार से मांग की कि श्रम कानूनों में किसी भी प्रकार का बदलाव श्रमिक संगठनों से विस्तृत चर्चा के बाद ही किया जाए, ताकि कर्मचारियों के अधिकारों और सामाजिक सुरक्षा की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।