HALCHAL INDIA NEWS
हापुड़।
पूर्व मंत्री एवं तीन बार के विधायक रहे मदन चौहान पर जानलेवा हमला करने की कोशिश के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। गढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव हिरणपुर के पास कार सवार बदमाशों ने उनकी गाड़ी रोककर फायर करने का प्रयास किया था। गनीमत रही कि गोली निशाने से चूक गई और बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार पूर्व मंत्री मदन चौहान अपने सुरक्षाकर्मियों के साथ एक सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में अचानक तीन युवक उनकी गाड़ी के सामने आकर खड़े हो गए। आरोप है कि युवकों ने गाली-गलौच करते हुए पिस्टल निकाल ली और गाड़ी के शीशे से सटाकर फायर करने की कोशिश की। हालांकि फायर मिस हो गया, जिससे पूर्व मंत्री बाल-बाल बच गए।
सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपितों की तलाश में दबिश दी गई। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने बीएनएस में वांछित दो अभियुक्तों को बागडपुर तिराहा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल व दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शिवम लोधी पुत्र राकेश लोधी निवासी मोहल्ला राजीव नगर कस्बा व थाना गढ़मुक्तेश्वर जनपद हापुड़ तथा शुभम भाटी पुत्र शिवकुमार निवासी मोहल्ला रिफ्यूजी कॉलोनी कस्बा व थाना गढ़मुक्तेश्वर जनपद हापुड़ के रूप में हुई है।
थाना प्रभारी देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि दोनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है और अन्य फरार युवक की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही फरार आरोपित को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)

.jpeg)



Social Plugin