हापुड़।
शहर को जाम से राहत दिलाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए मंगलवार को फ्री गंज रोड पर प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने सख्त कार्रवाई की। यातायात सीओ राहुल यादव और नगरपालिका के राजस्व निरीक्षक सुनील कुमार और टीआई नरेश कुमार के नेतृत्व में चले इस अभियान में सड़क किनारे फैले अवैध अतिक्रमण को हटवाया गया, वहीं नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के चालान भी काटे गए।
अभियान के दौरान टीम ने सड़क पर कब्जा कर लगाए गए ठेले, खोखे और अन्य अस्थायी अतिक्रमण को हटवाते हुए मार्ग को साफ कराया। इसके साथ ही बैंकों के बाहर अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहनों को लेकर भी सख्ती दिखाई गई। मौके पर मौजूद बैंक प्रबंधकों को निर्देश दिए गए कि वे अपने ग्राहकों के वाहनों की उचित पार्किंग सुनिश्चित कराएं, ताकि सड़क पर जाम की स्थिति न बने।
कार्रवाई के दौरान कई वाहन चालकों के चालान किए गए, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। अचानक हुई इस सख्ती से अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। टीम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में दोबारा सड़क पर अतिक्रमण किया गया तो कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
यातायात सीओ राहुल यादव ने कहा कि शहर में बढ़ते जाम और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या को देखते हुए यह अभियान चलाया गया है। उन्होंने बताया कि मुख्य बाजारों और व्यस्त मार्गों पर अवैध अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित होता है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। हमारा प्रयास है कि शहर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखा जाए और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए।
उन्होंने आगे कहा कि नो पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी और किसी भी सूरत में नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैंक और व्यापारिक प्रतिष्ठानों के बाहर अनियंत्रित पार्किंग को लेकर भी सख्ती बरती जाएगी। संबंधित संस्थानों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी व्यवस्था दुरुस्त करें, अन्यथा उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
राहुल यादव ने यह भी कहा कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। शहरवासियों से अपील है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखने में प्रशासन का सहयोग करें, ताकि सभी को सुगम और सुरक्षित आवागमन का लाभ मिल सके।





.jpeg)




.jpeg)
.jpeg)

.jpeg)



Social Plugin