Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

गर्मी में भी नहीं सुधरी रेल सेवाएं, नियमित और स्पेशल ट्रेनें घंटों लेट


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़

भीषण गर्मी के बावजूद ट्रेनों की समयबद्धता में सुधार नहीं दिख रहा है। सामान्य ट्रेनों के साथ-साथ ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेनें भी देरी से स्टेशन पहुंच रही हैं, जिससे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को कई ट्रेनें घंटों की देरी से पहुंचीं, जिसके चलते प्लेटफॉर्म पर इंतजार कर रहे लोग गर्मी में परेशान नजर आए।

जानकारी के अनुसार, सहरसा से अमृतसर जाने वाली गरीब रथ एक्सप्रेस लगभग पांच घंटे देर से पहुंची। वहीं अयोध्या कैंट से आनंद विहार जाने वाली स्पेशल ट्रेन करीब तीन घंटे 10 मिनट और आनंद विहार से अयोध्या कैंट लौटने वाली ट्रेन दो घंटे विलंब से आई। लखनऊ से नई दिल्ली जाने वाली स्पेशल ट्रेन भी करीब दो घंटे देरी से पहुंची।

इसके अलावा रक्सौल से आनंद विहार जाने वाली सत्याग्रह एक्सप्रेस करीब एक घंटा, प्रयागराज संगम से सहारनपुर जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस लगभग एक घंटा 10 मिनट, मुरादाबाद से गाजियाबाद जाने वाली मेमू ट्रेन एक घंटा, बरेली से भुज जाने वाली आला हजरत एक्सप्रेस और बापूधाम मोतिहारी से चलने वाली चंपारण सत्याग्रह एक्सप्रेस भी करीब एक-एक घंटे की देरी से स्टेशन पहुंचीं।

ट्रेनों की इस लेटलतीफी के कारण यात्रियों को लंबे समय तक प्लेटफॉर्म पर इंतजार करना पड़ा और गर्मी ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि व्यस्त रेल मार्ग और ट्रेनों की अधिक आवाजाही के कारण समय पालन प्रभावित हो रहा है, जिसे सुधारने के प्रयास किए जा रहे हैं।