बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव अटूटा में बैंक में नौकरी दिलाने के नाम पर युवक से 3.50 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की मां की सदमे में मौत हो गई। पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए पीड़ित ने मुख्यमंत्री कार्यालय में शिकायत की, जिसके बाद तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पीड़ित निखिल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके मामा का पुत्र राजू निवासी गांव अमरपुर, थाना हसनपुर जनपद मेरठ, अपने साथी अनुज निवासी गांव माछरा और सलोनी नाम की युवती के साथ कई बार उसके घर आया था। आरोपियों ने दावा किया कि अनुज कैनरा बैंक की मवाना शाखा में कार्यरत है और बैंक में निकली भर्ती में नौकरी लगवा सकता है।
आरोप है कि शुरुआत में परिवार ने उनकी बातों पर भरोसा नहीं किया, लेकिन बाद में आरोपियों ने युवक के माता-पिता को विश्वास में लेकर पांच लाख रुपये में नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया। पीड़ित के अनुसार 25 सितंबर 2024 से एक नवंबर 2024 के बीच अलग-अलग तिथियों में आरोपियों ने 3.50 लाख रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए।
काफी समय बीतने के बाद भी नौकरी नहीं लगी तो पीड़ित ने आरोपियों से संपर्क किया, लेकिन वे लगातार टालमटोल करते रहे। जून 2025 में आरोपियों ने साफ कह दिया कि न नौकरी लगवाएंगे और न ही रकम लौटाएंगे। इस घटना के बाद पीड़ित की मां गहरे सदमे में चली गईं और उनकी मौत हो गई।
पीड़ित का आरोप है कि 14 सितंबर 2025 को आरोपी दोबारा गांव पहुंचे। जब रुपये वापस मांगे गए तो उन्होंने गाली-गलौज और मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित द्वारा शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने शुरुआत में मामला दर्ज नहीं किया। इसके बाद मुख्यमंत्री कार्यालय में शिकायत की गई, जिसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीओ वरुण कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
.jpg)






.jpeg)




.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)




Social Plugin