हापुड़।
ज्येष्ठ गंगा दशहरा-2026 को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। सोमवार को मेरठ रेंज के डीआईजी कलानिधि नैथानी ने पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह समेत अन्य अधिकारियों के साथ तीर्थनगरी ब्रजघाट पहुंचकर मेले और सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने घाटों, पार्किंग स्थलों, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरों, यातायात व्यवस्था और महिला सुरक्षा संबंधी इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सुबह से ही ब्रजघाट क्षेत्र में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की हलचल तेज रही। डीआईजी ने सबसे पहले उन्होंने पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारियों के साथ ब्रजघाट क्षेत्र का भ्रमण शुरू किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गंगा घाटों पर स्नान करने आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। घाटों पर लगाए गए बैरिकेड्स, गोताखोरों की तैनाती, चेतावनी बोर्ड और सीसीटीवी कैमरों की मॉनिटरिंग व्यवस्था को भी परखा गया।
डीआईजी ने नाव के माध्यम से गंगा में उतरकर विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से हर बिंदु की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गंगा दशहरा पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष रणनीति अपनाने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। डीआईजी ने महिला पुलिसकर्मियों की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने, संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाने और एंटी रोमियो टीमों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा पार्किंग स्थलों पर ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति न बनने देने के लिए यातायात पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
डीआईजी कलानिधि नैथानी ने कहा कि गंगा दशहरा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं बल्कि प्रशासनिक दृष्टि से भी बेहद संवेदनशील अवसर होता है। उन्होंने कहा, “ब्रजघाट में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है। पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। घाटों पर अतिरिक्त पुलिस बल, गोताखोर, जल पुलिस, सीसीटीवी कैमरे और बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। भीड़ नियंत्रण के लिए अलग-अलग जोन और सेक्टर बनाए गए हैं।
अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी परिस्थिति में श्रद्धालुओं को असुविधा नहीं होनी चाहिए। महिला सुरक्षा पर विशेष फोकस रखा गया है और हर गतिविधि की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। हमारा प्रयास है कि ज्येष्ठ गंगा दशहरा-2026 पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो तथा श्रद्धालु धार्मिक आस्था के साथ सुरक्षित वातावरण में स्नान कर सकें।”







.jpeg)




.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)




Social Plugin