Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

मैगी-बिस्किट के कार्टन में छिपाकर हो रही थी शराब तस्करी, दो गिरफ्तार


HALCHAL INDIA NEWS

पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में छिजारसी टोल प्लाजा के पास पुलिस ने अवैध शराब तस्करी का बड़ा खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कैंटर में बनाए गए गुप्त केबिन से करीब 18 लाख रुपये कीमत की 250 पेटी हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब बरामद की है।

पुलिस के अनुसार शिवा ढाबा के पास चेकिंग अभियान के दौरान एक कैंटर संदिग्ध हालत में दिखाई दिया। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन पीछे मोड़ने की कोशिश की और तेज गति से भागने लगा। पीछा करने पर पुलिस ने पिलखुवा फ्लाईओवर से पहले कैंटर को रोक लिया।

तलाशी के दौरान कैंटर के अगले हिस्से में मैगी और बिस्किट के कार्टन भरे मिले। जब पुलिस ने कार्टन हटाए तो पीछे विशेष तरीके से बनाया गया गुप्त केबिन मिला, जिसमें शराब की पेटियां छिपाकर रखी गई थीं। बरामद शराब में 1800 बोतल और 2400 अद्धा शामिल बताए गए हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि शराब हरियाणा से बिहार ले जाई जा रही थी। मामले में बिहार के मुजफ्फरपुर जनपद के गांव तरीरा गोपालपुर निवासी छोटन साहनी और वैशाली जनपद के गांव बसंता निवासी नीरज कुमार को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दस हजार रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और कैंटर भी जब्त किया है। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कैंटर सीज कर दिया गया है।

सीओ अनीता चौहान ने बताया कि कैंटर में गुप्त केबिन बनाकर शराब तस्करी की जा रही थी। मामले में आगे की जांच जारी है।