Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

भीषण गर्मी से बेहाल हापुड़, दिन में लू तो रात में उमस से बढ़ी परेशानी


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

नौतपा शुरू होते ही जिले में गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। दिन में तेज धूप और लू के थपेड़ों ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है, वहीं रात में उमस भरी गर्मी लोगों को राहत नहीं लेने दे रही। सोमवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हीटवेव को देखते हुए प्रशासन की ओर से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले तीन दिनों तक गर्मी का असर इसी तरह बना रहेगा।

सुबह से ही तेज धूप ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया था। दोपहर में करीब 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली गर्म हवाओं ने हालात और कठिन कर दिए। लू के कारण लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। बाजारों और सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ दिखाई दी।

धूप और गर्म हवा से बचने के लिए लोग गमछा, टोपी और छाते का सहारा लेते नजर आए। गर्मी से राहत पाने के लिए बेल का शरबत, नींबू पानी, शिकंजी, आम का पना और गन्ने के जूस की मांग भी बढ़ गई। इंसानों के साथ-साथ पशु-पक्षी भी गर्मी से बेहाल दिखाई दिए।

लोगों ने कूलर और पंखों के जरिए राहत पाने की कोशिश की, लेकिन उमस और गर्म हवाओं के कारण ज्यादा आराम नहीं मिल सका। शाम ढलने के बाद भी गर्मी का असर बना रहा, जिससे रात में भी लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।

मौसम वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार के अनुसार फिलहाल तापमान में ज्यादा गिरावट की संभावना नहीं है और अगले कुछ दिनों तक प्रचंड गर्मी जारी रह सकती है।