Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

पुलिस चौकी से चंद कदम दूर शनिदेव की मूर्ति खंडित, पिलखुवा में तनावपूर्ण माहौल


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड। 

पिलखुवा क्षेत्र में सुबह उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब बस स्टैंड पुलिस चौकी के पास स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में भगवान शनिदेव की मूर्ति खंडित मिली। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों और श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश फैल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

बताया गया कि सुबह मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने शनिदेव की मूर्ति टूटी हुई देखी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और लोगों ने इस घटना को माहौल बिगाड़ने की साजिश बताते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। घटना को लेकर क्षेत्र में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बना रहा।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पिलखुवा कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया। पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। जांच के दौरान एक सीसीटीवी फुटेज में एक युवक लोहे की रॉड लेकर घूमता हुआ दिखाई दिया है। पुलिस फुटेज के आधार पर युवक की पहचान करने में जुटी है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर के पास ही पुलिस चौकी होने के बावजूद इस तरह की घटना होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। लोगों ने प्रशासन से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों। 

थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपित की तलाश तेज कर दी गई है तथा जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।