HALCHAL INDIA NEWS
हापुड़।
अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मेरठ रेंज पुलिस ने वर्ष 2026 में अब तक बड़ी सफलता हासिल की है। रेंज के चारों जनपदों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान कुल 194 इनामी और वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति का परिणाम माना जा रहा है। वहीं हापुड़ पुलिस ने भी सक्रिय कार्रवाई करते हुए 15 इनामी बदमाशों को गिरफ्तार कर कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
मेरठ रेंज के डीआईजी कलानिधि नैथानी ने बताया कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए चारों जनपदों की पुलिस को लगातार निर्देश दिए गए हैं कि वांछित और इनामी अपराधियों के खिलाफ सूचना तंत्र को मजबूत करते हुए अभियान चलाया जाए। इसी क्रम में वर्ष 2026 में अब तक 50 हजार रुपये के 19, 25 हजार रुपये के 120, 20 हजार रुपये के 17, 15 हजार रुपये के 10, 10 हजार रुपये के 27 तथा पांच हजार रुपये के एक इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है।
डीआईजी ने बताया कि जनपद मेरठ में सबसे अधिक 77 इनामी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें 50 हजार रुपये के तीन और 25 हजार रुपये के 71 इनामी शामिल हैं। जनपद बुलंदशहर में 76 इनामी अपराधियों को पकड़ा गया, जिनमें 50 हजार रुपये के 11, 25 हजार रुपये के 25, 20 हजार रुपये के चार, 15 हजार रुपये के नौ तथा 10 हजार रुपये के 27 इनामी शामिल रहे। बागपत पुलिस ने 26 इनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया, जबकि हापुड़ पुलिस ने 15 इनामी बदमाशों को दबोचने में सफलता प्राप्त की।
हापुड़ जिले में गिरफ्तार किए गए इनामी अपराधियों में 50 हजार रुपये के दो, 25 हजार रुपये का एक तथा 20 हजार रुपये के 12 इनामी अभियुक्त शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन अभियुक्तों की गिरफ्तारी से कई लंबित मामलों के खुलासे में भी मदद मिली है तथा अपराधियों में कानून का भय बढ़ा है।
डीआईजी कलानिधि नैथानी ने कहा कि अभी भी कई इनामी अपराधी फरार चल रहे हैं। ऐसे में आमजन की सहभागिता बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी फरार इनामी अपराधी के संबंध में कोई सूचना हो तो तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया है कि शेष इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान को और तेज किया जाए तथा प्रत्येक सप्ताह इसकी व्यक्तिगत समीक्षा की जाए।
उन्होंने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी और किसी भी अपराधी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा। मेरठ रेंज पुलिस का लक्ष्य क्षेत्र को अपराधमुक्त बनाना और आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना है।










.jpeg)




.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)




Social Plugin