Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

माल सहित ट्रक लापता, कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज


HALCHAL INDIA NEWS

पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र से लाखों रुपये मूल्य का लोहे का माल लेकर रवाना हुआ ट्रक कई दिनों बाद भी अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सका। मामले में ट्रांसपोर्ट संचालक की शिकायत पर कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने चालक, वाहन मालिक और ट्रक बुक कराने वाले व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी एवं माल हड़पने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

                                   

गाजियाबाद के बिहारीपुरा निवासी हरीराम ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 23 मई को उनकी ट्रांसपोर्ट कंपनी के माध्यम से एक ट्रक बुक किया गया था। ट्रक को पिलखुवा स्थित श्री बालाजी स्टील से करीब 120 क्विंटल 195 किलोग्राम लोहे का माल लेकर आगरा पहुंचाना था। माल की कुल कीमत लगभग 6.61 लाख रुपये बताई गई है।

आरोप है कि ट्रक निर्धारित माल लेकर पिलखुवा से रवाना तो हो गया, लेकिन तय स्थान पर नहीं पहुंचा। काफी समय बीतने के बाद भी ट्रक और माल का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद ट्रांसपोर्ट संचालक ने चालक, वाहन मालिक और ट्रक बुक कराने वाले व्यक्ति से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन तीनों के मोबाइल फोन बंद मिले।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने संबंधित आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी कर माल हड़पने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली है और ट्रक व माल की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।