Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

आठ डीएम और छह ईओ बदले, लेकिन कूड़ा निस्तारण की समस्या बरकरार


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

जिले में वर्ष 2017 से अब तक आठ जिलाधिकारी (डीएम) और छह अधिशासी अधिकारी (ईओ) बदल चुके हैं, लेकिन शहर के लिए प्रस्तावित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट (ठोस कूड़ा प्रबंधन संयंत्र) के लिए ढाई हेक्टेयर भूमि की तलाश अब तक पूरी नहीं हो सकी है। हाल ही में कई दिनों की मशक्कत के बाद प्लांट के लिए चयनित भूमि की फाइल जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत की गई, जिस पर उन्होंने कुछ आपत्तियां दर्ज कर दी हैं।

वर्ष 2017 में शासन के निर्देश पर सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू हुई थी। उस समय तत्कालीन डीएम अनिल ढींगरा के कार्यकाल में पालिका सीमा से 10 किलोमीटर के दायरे में जमीन की तलाश शुरू की गई थी। कई स्थानों पर भूमि मिली, लेकिन कहीं अवैध कब्जे तो कहीं अन्य तकनीकी अड़चनें सामने आईं।

वर्ष 2025 में तत्कालीन डीएम अभिषेक पांडेय ने टाइड ग्रांट से प्राप्त धनराशि के माध्यम से भूमि खरीदने की योजना बनाई। जमीन के लिए बोली और नीलामी की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई, लेकिन करीब नौ महीने बाद भी फाइल कछुआ गति से आगे बढ़ रही है।

हर दिन 60 टन सूखे कूड़े का नहीं हो रहा निस्तारण

नगर क्षेत्र से प्रतिदिन लगभग 110 टन कूड़ा निकलता है, जिसमें करीब 60 टन सूखा कूड़ा शामिल है। इसके निस्तारण की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं होने के कारण रामपुर रोड स्थित डलावघर में कूड़ा डंप किया जा रहा है। लगातार कूड़ा डाले जाने से यहां कई फीट ऊंचा कूड़े का पहाड़ बन चुका है।

कूड़े के ढेर से आसपास के लोगों को बदबू, गंदगी और प्रदूषण की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। कई बार कूड़े में आग लगने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं, जिससे हालात और गंभीर हो गए हैं। इसके बावजूद कूड़ा निस्तारण को लेकर कोई ठोस योजना धरातल पर दिखाई नहीं दे रही है।

2017 से अब तक ये अधिकारी रहे तैनात

वर्ष 2017 से अब तक जिले में अनिल ढींगरा, कृष्णा करुणेश, प्रमोद उपाध्याय, अनुज सिंह, अदिति सिंह, मेधा रूपम, प्रेरणा शर्मा और अभिषेक पांडेय जिलाधिकारी के रूप में कार्य कर चुके हैं।

वहीं नगर पालिका में जितेंद्र कुमार आनंद, संजय कुमार गौतम, एसडीएम अरविंद द्विवेदी, सौरभनाथ, एसडीएम मनोज कुमार सिंह और इंद्रपाल सिंह अधिशासी अधिकारी के रूप में जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।

तबादले के बाद दब गई थी फाइल

सूत्रों के अनुसार अप्रैल में तत्कालीन डीएम अभिषेक पांडेय के तबादले के बाद भूमि खरीद से संबंधित फाइल पालिका के स्वास्थ्य विभाग में अन्य फाइलों के बीच दबकर रह गई थी। जिलाधिकारी के निर्देश पर फाइल दोबारा निकाली गई और उनके समक्ष प्रस्तुत की गई।

अधिशासी अधिकारी संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि भूमि खरीद की फाइल पर जिलाधिकारी द्वारा कुछ आपत्तियां लगाई गई हैं, जिनका शीघ्र निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद जमीन खरीद की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी और जल्द ही शहर के कूड़ा निस्तारण के लिए सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा।