Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

कूड़े के ढेर में फिर लगी आग, एक घंटे ठप रही रामपुर रोड बिजलीघर की आपूर्ति


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

रामपुर रोड स्थित नगर पालिका के कूड़े के ढेर में मंगलवार को एक बार फिर आग लग गई। आग की लपटें ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन तक पहुंच गईं, जिसके चलते एहतियातन रामपुर रोड बिजलीघर की विद्युत आपूर्ति करीब एक घंटे के लिए बंद करनी पड़ी। दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान कई क्षेत्रों के साथ हापुड़ सीएचसी की बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही।

रामपुर रोड बिजलीघर से अलीनगर, रामपुर रोड, पुराना बाजार, पत्थर वाला कुआं, सिकंदरगेट, तगासराय और करीमपुरा समेत एक दर्जन से अधिक मोहल्लों के आठ हजार से ज्यादा घरों को बिजली आपूर्ति की जाती है।

जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 11 बजे बिजलीघर के बाहर जमा नगर पालिका के कूड़े के विशाल ढेर में अचानक आग लग गई। बाबूगढ़ स्थित 132 केवी बिजलीघर से आने वाली 33 केवी लाइन इसी कूड़े के ढेर के ऊपर से होकर रामपुर रोड बिजलीघर तक पहुंचती है। आग की तेज लपटें लाइन के करीब पहुंचने पर खतरा बढ़ गया, जिसके बाद बिजलीघर की सप्लाई बंद कर दी गई।

सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। हालांकि लाइन में विद्युत प्रवाह होने के कारण राहत कार्य में भी परेशानी आई। सुरक्षा के मद्देनजर बिजलीघर को लगभग एक घंटे तक बंद रखा गया।

आग से उठने वाला जहरीला धुआं बिजलीघर परिसर में भर गया, जिससे वहां मौजूद कर्मचारियों को बाहर निकलना पड़ा। कर्मचारियों का कहना है कि कूड़े के ढेर और उससे उठने वाली दुर्गंध तथा धुएं के कारण उन्हें लगातार परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई कर्मचारी अपनी तैनाती अन्य बिजलीघरों में किए जाने की मांग भी कर चुके हैं।

अधिशासी अभियंता सचिन द्विवेदी ने बताया कि बिजलीघर कूड़े के ढेर के बीच में आ गया है और आए दिन लगने वाली आग से मशीनों और कर्मचारियों की सुरक्षा पर खतरा बना रहता है। उन्होंने कहा कि कूड़े के ढेर के स्थायी निस्तारण के लिए संबंधित विभाग को कई बार पत्र भेजे जा चुके हैं।

घटना ने एक बार फिर शहर में ठोस कूड़ा प्रबंधन की बदहाल व्यवस्था और उससे जुड़े सुरक्षा खतरों को उजागर कर दिया है।