हापुड़।
बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल, सीएनजी और रसोई गैस के दामों में वृद्धि के विरोध में सोमवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष आनंद गुर्जर के नेतृत्व में भैंसा बुग्गी के साथ प्रदर्शन किया। आंबेडकर तिराहे से शुरू हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस और सपाइयों के बीच नोंकझोंक हो गई। धारा-144 लागू होने और सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए पुलिस ने भैंसा बुग्गी के साथ आगे बढ़ रहे कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया। प्रदर्शन के दौरान काफी देर तक पुलिस और सपा कार्यकर्ताओं के बीच बहस होती रही।
सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी वरुण मिश्रा मौके पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं को समझाकर शांत कराया। इसके बाद सपाइयों ने मांग की कि उन्हें जिलाधिकारी कार्यालय तक जाकर शांतिपूर्वक ज्ञापन सौंपने दिया जाए। सहमति बनने के बाद कार्यकर्ता अपने वाहनों से जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे।
जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए दो थानों की पुलिस मौके पर तैनात रही। बाद में सपा जिलाध्यक्ष आनंद गुर्जर ने एडीएम संदीप कुमार को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, पेपर लीक की घटनाओं और बिजली दरों में वृद्धि का मुद्दा उठाया गया। सपा नेताओं ने कहा कि पेट्रोल, डीजल, एलपीजी गैस और आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों से आम जनता परेशान है। साथ ही विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
सपा ने मांग की कि पेपर लीक मामलों की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए, रिक्त सरकारी पदों पर भर्ती शुरू की जाए, पेट्रोल-डीजल और गैस की कीमतों में कमी की जाए, बिजली दर वृद्धि और जीएसटी बढ़ोतरी वापस ली जाए तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में जनहितकारी नीतियां लागू की जाएं।
जिलाध्यक्ष आनंद गुर्जर ने कहा आज समाजवादी पार्टी ने आम जनता की आवाज को बुलंद करने के लिए यह प्रदर्शन किया है। पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और रसोई गैस के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। महंगाई ने गरीब, किसान, मजदूर, व्यापारी और मध्यम वर्ग के परिवारों का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। आम आदमी की आय नहीं बढ़ रही, लेकिन रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुएं लगातार महंगी होती जा रही हैं। सरकार जनता की समस्याओं को सुनने के बजाय उनसे दूरी बना रही है।
देश और प्रदेश का युवा भी आज परेशान है। प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक हो रहे हैं, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य दांव पर लग गया है। वर्षों तक तैयारी करने वाले छात्र निराशा और हताशा का सामना कर रहे हैं। सरकार को युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद करना चाहिए और पेपर लीक कराने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही खाली पड़े सरकारी पदों पर पारदर्शी तरीके से भर्ती प्रक्रिया शुरू करनी चाहिए।
उत्तर प्रदेश में बिजली की बढ़ी हुई दरों ने किसानों और आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं लगातार महंगी होती जा रही हैं। निजीकरण को बढ़ावा देकर सरकारी संस्थानों को कमजोर किया जा रहा है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों के लिए अच्छी शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त करना मुश्किल हो रहा है।
हमारा यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं बल्कि जनहित के मुद्दों को लेकर है। समाजवादी पार्टी जनता की आवाज बनकर सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी। हम मांग करते हैं कि पेट्रोल, डीजल, गैस और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में राहत दी जाए, बिजली दर वृद्धि वापस ली जाए, युवाओं को रोजगार दिया जाए और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जाए। यदि सरकार जनता की समस्याओं का समाधान नहीं करती है तो समाजवादी पार्टी आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखेगी।
.jpg)
.jpeg)


.jpeg)




.jpeg)
.jpeg)



Social Plugin