Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

हापुड़ में एसआईआर कार्य 98.5% पूरा, अभी भी 2.47 लाख मतदाता फॉर्म जमा नहीं कर पाए


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

जिले की तीनों तहसीलों में चल रहे एसआईआर (विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण) कार्य में अब तक 98.5 फीसदी काम पूरा हो चुका है। रविवार को बीएलओ मतदाता फॉर्मों के डिजिटाइजेशन में लगे रहे, जिसके कारण शहर के अधिकांश बूथ इस दौरान खाली दिखाई दिए।

निर्वाचन विभाग के आंकड़ों के अनुसार जिले में कुल 11,56,699 मतदाता हैं। इन मतदाताओं की जानकारी अपडेट करने के लिए 1187 बीएलओ सक्रिय रूप से क्षेत्रवार भ्रमण कर रहे हैं। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अब तक एसआईआर कार्य का बड़ा हिस्सा पूरा हो चुका है, लेकिन अभी भी 2,47,062 मतदाताओं ने फॉर्म जमा नहीं किए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि जिन मतदाताओं ने अभी तक फॉर्म नहीं भरे हैं, उन्हें जल्द ही नोटिस जारी किया जाएगा। नोटिस मिलने के बाद फॉर्म भरना अनिवार्य होगा, जिसमें 12 प्रकार की आईडी में से किसी एक का विवरण देना होगा। इसके बाद 16 दिसंबर को ड्राफ्ट रोल प्रकाशित किया जाएगा, जिस पर मतदाता आपत्ति दर्ज कर सकते हैं।

रविवार को हापुड़ नगर पालिका क्षेत्र में फॉर्म डिजिटाइजेशन का कार्य पुराने कलक्ट्रेट परिसर में आयोजित किया गया। जिन बीएलओ ने अपने क्षेत्रों में एसआईआर कार्य पूरा कर लिया है, वे एसडीएम कार्यालय में मेपिंग कार्य में जुटे रहे।

एसडीएम संदीप कुमार ने बताया कि जिले में एसआईआर कार्य अब अंतिम चरण में है। उन्होंने कहा कि गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन को तेजी से पूरा किया जा रहा है और जिन मतदाताओं ने फॉर्म जमा नहीं किए हैं, उन्हें नोटिस के माध्यम से फॉर्म भरने के लिए कहा जाएगा।

जिला प्रशासन ने इस प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और सटीक बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया है। बीएलओ अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर मतदाताओं को जागरूक कर रहे हैं ताकि सभी योग्य मतदाता समय पर फॉर्म जमा कर सकें और ड्राफ्ट रोल में शामिल हो जाएँ। प्रशासन का उद्देश्य है कि मतदाता सूची में कोई त्रुटि न रह जाए और सभी पात्र नागरिक अपनी मतदान की प्रक्रिया में शामिल हो सकें।