Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

होली को लेकर नगर पालिका सतर्क, सफाई और पानी की विशेष व्यवस्था


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

पिलखुवा। आगामी होली पर्व के मद्देनजर नगर पालिका प्रशासन ने शहर में साफ-सफाई और पेयजल आपूर्ति को लेकर विशेष इंतजाम किए हैं। सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को त्योहार के दौरान पूरी तरह मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं।

पालिका प्रशासन के अनुसार, जहां-जहां होलिका दहन होगा, उन स्थानों के आसपास पहले से सफाई कराई जाएगी और दहन के बाद बची राख व कचरे को तुरंत हटाया जाएगा। शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर अतिरिक्त सफाईकर्मी तैनात किए जाएंगे ताकि कहीं गंदगी न फैलने पाए। किसी भी तरह की लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

होली के दिन दोपहर 12 बजे से निर्बाध जल आपूर्ति सुनिश्चित करने की योजना बनाई गई है। सभी ओवरहेड टैंकों को समय से भरने, ट्यूबवेलों से नियमित सप्लाई बनाए रखने और जरूरत पड़ने पर पानी के टैंकर तैयार रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।

नगरवासियों से अपील की गई है कि वे रंगपंचमी पर टेसू के फूलों व प्राकृतिक रंगों का उपयोग करें। रासायनिक रंगों से त्वचा, आंखों और जल स्रोतों को नुकसान हो सकता है, इसलिए पर्यावरण के अनुकूल और सुरक्षित रंगों से ही त्योहार मनाने की सलाह दी गई है।