Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

होली के मद्देनज़र पानी और बिजली आपूर्ति की विशेष व्यवस्था

HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

होली के त्योहार को देखते हुए शहर में पेयजल और बिजली व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। नगर पालिका और बिजली विभाग ने संयुक्त रूप से योजना बनाकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं, ताकि त्योहार के दौरान नागरिकों को किसी तरह की परेशानी न हो।

पालिका प्रशासन के अनुसार, शहर में 70 नलकूपों और 10 ओवरहेड टैंकों के माध्यम से मंगलवार सुबह से बुधवार देर रात तक जलापूर्ति की जाएगी। दुल्हैंडी के दिन सुबह 6 बजे से शाम 5 बजे तक बड़े पैमाने पर पानी उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है। इसके लिए जलकल विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी तय कर दी गई है।

हर नलकूप पर तीन पालियों में कर्मियों की तैनाती रहेगी। बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में जनरेटर की व्यवस्था भी की गई है, ताकि पानी सप्लाई प्रभावित न हो।

उधर, ऊर्जा निगम ने भी 48 घंटे तक निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की तैयारी की है।

नागरिकों की शिकायतों के निस्तारण के लिए नगर पालिका ने कंट्रोल रूम स्थापित किया है। पानी या अन्य संबंधित समस्या होने पर 1533 टोल फ्री नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। यहां चौबीसों घंटे कर्मचारी मौजूद रहेंगे।

बिजली संबंधी दिक्कतों के लिए उपभोक्ता 1912 टोल फ्री नंबर पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। अधिकारियों का कहना है कि त्योहार के दौरान सभी व्यवस्थाएं सतर्कता के साथ संचालित की जाएंगी।