हापुड़।
हाफिजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सादिकपुर में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब खेतों में एक व्यक्ति का शव संदिग्ध हालात में पड़ा मिला। खेत में शव दिखने पर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।
मृतक की पहचान गांव निवासी ज्ञान सिंह गौतम (45) के रूप में हुई। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस को शव के पास से चूहे मारने की दवा का रैपर और एक खाली गिलास मिला है। शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में जहरीला पदार्थ सेवन की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मृत्यु के वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
परिजनों के अनुसार ज्ञान सिंह को शराब पीने की लत थी। बुधवार शाम शराब को लेकर घर में विवाद हुआ था, जिसके बाद वह गुस्से में थैला और चादर लेकर घर से निकल गया। देर रात तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश भी की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
थाना प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
.jpg)


.jpeg)




.jpeg)
.jpeg)

.jpeg)



Social Plugin