Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

ब्रजघाट में नाव से गंगा में गिरी नौ वर्षीय बच्ची, सीसीटीवी में कैद हादसा—तलाश जारी


HALCHAL INDIA NEWS

ब्रजघाट। गंगा तट पर नौ वर्षीय बच्ची के नदी में गिरने की घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। फुटेज में बच्ची नाव से संतुलन खोकर गंगा में गिरती दिखाई दे रही है। घटना के बाद से पुलिस, गोताखोरों और स्थानीय नाविकों की मदद से सर्च अभियान जारी है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक बच्ची का पता नहीं चल सका था।

जानकारी के अनुसार हापुड़ के काकाढेर गांव निवासी हेतराम की पुत्री शीतल (09) गंगा तट पर श्रद्धालुओं को आटे की गोलियां बेचती थी। गुरुवार शाम के बाद से वह अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने देर रात पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद खोजबीन शुरू की गई। 

पुलिस जांच में सामने आया कि बच्ची नाव पर खड़ी थी और दूसरी नाव पर जाने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया। घाट क्षेत्र में लगे कैमरों की फुटेज खंगालने पर घटना स्पष्ट हो गई। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि बच्ची नदी में पड़े नारियल को पकड़ने की कोशिश कर रही थी, उसी दौरान वह फिसलकर गंगा में जा गिरी।


पुलिस चौकी ब्रजघाट प्रभारी इंद्रकांत यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान शुरू कराया। गोताखोरों और नाविकों की मदद से गंगा में लगातार खोजबीन की जा रही है, लेकिन तेज बहाव के कारण अभियान में कठिनाई आ रही है। 

पुलिस ने घाट क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाते हुए लोगों से अपील की है कि नावों पर आवागमन करते समय विशेष सावधानी बरतें और बच्चों को नदी किनारे अकेला न छोड़ें। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है।