Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

एनआरआइ से 50 लाख की रंगदारी, परिवार को खत्म करने की धमकी—डीएम के आदेश पर सख्त जांच


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

मेरठ रोड की संजय विहार कॉलोनी में रहने वाले एक एनआरआइ ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर क्षेत्र के कुख्यात दबंग पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और विदेश जाते ही परिवार को खत्म करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। 

शिकायत में कहा गया है कि आरोपित के पास कई शस्त्र लाइसेंस हैं और वह अवैध हथियारों से लैस युवकों के साथ इलाके में खुलेआम दबदबा बनाकर घूमता है। मामले को गंभीर मानते हुए जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय ने क्षेत्राधिकारी को तत्काल जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

शिकायतकर्ता उमेश सिंह ने बताया कि उनके विदेश में रहने का फायदा उठाकर आरोपित लगातार दबाव बना रहा है। संजय विहार स्थित आवास में उनका पुत्र डॉ. अर्पित रहता है, जबकि उसी क्षेत्र में उनका व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स भी है। 


आरोप है कि जिला पंचायत चुनाव की तैयारी कर रहा दबंग चुनावी खर्च के नाम पर भारी रकम वसूलने की बात कहता है और रुपये न देने पर अंजाम भुगतने की धमकी देता है। पीड़ित के अनुसार आरोपित कई गाड़ियों के काफिले के साथ क्षेत्र में भय का माहौल बनाकर वसूली करता है। हाल के दिनों में धमकियां और तेज हो गई हैं। परिवार भय के साए में घर तक सीमित हो गया है और सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई गई है।


शिकायत में आरोपित के शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने, अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और रंगदारी व धमकी के प्रकरण में मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है। प्रशासन ने मामले में त्वरित जांच शुरू कर दी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं।