HALCHAL INDIA NEWS
हापुड़।
आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर प्रशासनिक सक्रियता सोमवार को उस समय मानवीय संवेदना के रूप में सामने आई, जब जनता दर्शन के बाद लौट रहे जिलाधिकारी अभिषेक पांडे ने रास्ते में एक दिव्यांग की गुहार सुनते ही मौके पर ही कार्रवाई के निर्देश दे दिए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार प्रतिदिन जनता की समस्याएं सुनने और उनका तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करने की व्यवस्था के तहत जिलाधिकारी सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक जनता दर्शन में फरियादियों की समस्याएं सुन रहे थे।
जनता दर्शन समाप्त होने के बाद कार्यालय से निकलते समय एक दिव्यांग व्यक्ति, जो दूसरे के सहारे गोद में बैठकर पहुंचा था और विकलांग ने जिलाधिकारी को रोक लिया। जिलाधिकारी ने वाहन रोककर पहले दिव्यांग को अपने कार्यालय में बैठाया और पूरी बात विस्तार से सुनी।
दिव्यांग मोहम्मद शानू ने बताया कि वह विकलांग प्रमाणपत्र बनवाने के लिए लंबे समय से स्वास्थ्य विभाग के चक्कर लगा रहा है। चिकित्सकों द्वारा उसे बार-बार इधर-उधर भेजा जा रहा है और अब मेरठ से मेडिकल कराने की बात कही गई है। उसने बताया कि वह पहले भी अत्यधिक कठिनाई के साथ मेरठ जाकर लौट चुका है, लेकिन प्रमाणपत्र नहीं बन पाया। आर्थिक तंगी और शारीरिक असमर्थता के कारण बार-बार यात्रा करना उसके लिए संभव नहीं है।
दिव्यांग की व्यथा सुनते ही जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से फोन पर बात कर कड़े निर्देश दिए कि मोहम्मद शानू को एम्बुलेंस के माध्यम से मेरठ मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाया जाए, परीक्षण के बाद सुरक्षित उसके घर तक पहुंचाया जाए और विकलांग प्रमाणपत्र शीघ्र जारी किया जाए। जिलाधिकारी के निर्देशों के बाद संबंधित विभाग सक्रिय हो गया।
प्रशासन की इस त्वरित और मानवीय पहल से लंबे समय से परेशान दिव्यांग के चेहरे पर राहत और संतोष के भाव दिखाई दिए। उसने जिलाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उसे उम्मीद है कि उसकी समस्या का समाधान शीघ्र हो जाएगा।


.jpeg)




.jpeg)
.jpeg)

.jpeg)



Social Plugin