फूलगढ़ी के साप्ताहिक बाजार में अव्यवस्था पर सवाल, परिजनों ने की कार्रवाई की मांग
हापुड़।
शहर के मोहल्ला फूलगढ़ी में बुधवार को लगने वाले साप्ताहिक बाजार के दौरान लगे भीषण जाम ने एक परिवार से उसकी सात वर्षीय बच्ची छीन ली। परिजनों का कहना है कि सड़क पर भारी भीड़ और अव्यवस्थित बाजार के कारण समय पर अस्पताल न पहुंच पाने से बच्ची की जान चली गई।
बताया गया कि बुलंदशहर जनपद के गुलावठी क्षेत्र की रहने वाली सात साल की इंशा अपने ननिहाल, फूलगढ़ी, आई हुई थी। बुधवार दोपहर अचानक उसे दौरा पड़ा। परिजनों के अनुसार, उसे पहले भी ऐसी दिक्कत हो चुकी थी, इसलिए बिना देर किए उसे बाइक से अस्पताल ले जाया जाने लगा।
लेकिन जैसे ही वे घर से निकले, सड़क किनारे लगे बाजार और भीड़भाड़ के चलते लंबा जाम मिला। हालात ऐसे थे कि बाइक को आगे बढ़ाना मुश्किल हो गया। करीब 20 मिनट तक परिवार जाम में फंसा रहा। काफी मशक्कत के बाद जब वे किसी तरह किशनगंज स्थित अस्पताल पहुंचे, तो डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
घटना से आक्रोशित परिजनों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हर बुधवार को यहां बाजार लगता है, लेकिन यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम नहीं किए जाते। उन्होंने पुलिस को शिकायत देकर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्राधिकारी वरुण कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर बाजार व यातायात व्यवस्था को सुधारने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।







.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)




Social Plugin