Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

माह के अंत तक चल सकता है पेराई सत्र, कई गांवों में अब भी खड़ी है फसल


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

जिले की दोनों चीनी मिलों को इस समय उनकी निर्धारित पेराई क्षमता के मुकाबले लगभग आधा गन्ना ही प्राप्त हो रहा है। ऐसे हालात को देखते हुए मिल प्रशासन पेराई सत्र समाप्ति को लेकर तीसरा नोटिस जारी करने की तैयारी कर रहा है। हालांकि कुछ क्षेत्रों में अभी भी किसानों के खेतों में गन्ना खड़ा होने से सत्र कुछ दिन और बढ़ने की संभावना बनी हुई है।

बताया जा रहा है कि गन्ने का रकबा बढ़ने के बावजूद फरवरी में ही मिलों में कच्चे माल की कमी दिखने लगी। भुगतान में देरी की वजह से बड़ी मात्रा में गन्ना अन्य जिलों की मिलों से संबद्ध कर दिया गया, जिससे स्थानीय मिलों पर असर पड़ा। अनुमान है कि इस सत्र में लाखों क्विंटल गन्ना दूसरे जनपदों की मिलों को भेजा गया है।

गन्ने की कमी को देखते हुए मिल प्रबंधन पहले दो बार नोटिस जारी कर चुका है और 25 फरवरी तक संचालन की बात कही गई थी। किसानों को बिना पर्ची गन्ना लाने की भी अनुमति दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद मिलों तक अपेक्षित मात्रा में गन्ना नहीं पहुंच पा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, मिलें 28 फरवरी या अधिकतम 2 मार्च तक चल सकती हैं। अंतिम निर्णय तीसरा नोटिस जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगा। इस बीच गन्ना भुगतान को लेकर किसान चिंतित हैं।

जिला गन्ना अधिकारी बीके पटेल ने कहा कि दोनों मिलों में फिलहाल पेराई कार्य जारी है। पूरी तरह गन्ना समाप्त होने की स्थिति में ही सत्र बंद किया जाएगा और किसानों को परेशान होने की जरूरत नहीं है।