Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

नगर पालिका बोर्ड बैठक में हंगामा, पुलिस मौजूदगी में पास हुए विकास प्रस्ताव


HALCHAL INDIA NEWS

गढ़मुक्तेश्वर। नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक गुरुवार को काफी गहमागहमी के बीच आयोजित की गई। बैठक शुरू होने से पहले ही कई सभासदों ने विकास कार्यों की प्रगति, बजट वितरण और वार्डों की अनदेखी का मुद्दा उठाते हुए विरोध दर्ज कराया। स्थिति तनावपूर्ण होने पर अधिशासी अधिकारी को पुलिस बुलानी पड़ी।

विरोध कर रहे सभासदों ने पेयजल में गंदगी की शिकायत, खराब सड़कों और लंबित कार्यों को लेकर नाराजगी जताई। हंगामा बढ़ने पर प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद बैठक की कार्यवाही आगे बढ़ सकी।

पालिका अध्यक्ष राकेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में वर्ष 2026-27 के बजट प्रस्ताव समेत कुल 47 बिंदुओं पर चर्चा की गई। इनमें से 40 प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई। स्वीकृत योजनाओं पर 20 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाने की संभावना जताई गई है।

बैठक में पेयजल व्यवस्था को प्राथमिकता दी गई। नए ट्यूबवेल लगाने, सबमर्सिबल पंप स्थापित करने, पुरानी पाइप लाइनों की मरम्मत और जलापूर्ति तंत्र को सुदृढ़ करने से जुड़े प्रस्ताव पारित हुए। गर्मी को देखते हुए पानी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

इसके अलावा ब्रजघाट क्षेत्र में पूर्णिमा और अमावस्या के अवसर पर बढ़ने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और यातायात प्रबंधन की विशेष तैयारी करने पर सहमति बनी। नगर के विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली, पुलिया, इंटरलॉकिंग मार्ग और सामुदायिक शौचालयों के निर्माण व मरम्मत कार्यों को भी हरी झंडी दी गई।

सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाने के लिए सीसीटीवी और पीटीजेड कैमरे लगाने, खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने और नई हाईमास्ट लाइट स्थापित करने के प्रस्ताव भी पारित किए गए। पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने और पालिका की दुकानों के किराए व नामांतरण प्रक्रिया में संशोधन पर भी विचार किया गया।

कुछ सभासदों ने बैठक के दौरान पालिका प्रशासन पर अनियमितताओं के आरोप लगाए और जांच की मांग की। वहीं, पालिका अध्यक्ष ने कहा कि सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य कराए जा रहे हैं और पाइपलाइन बिछाने के दौरान उत्पन्न समस्याओं को समय पर ठीक किया जा रहा है। उन्होंने हंगामे को राजनीतिक कारणों से प्रेरित बताया।