Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

हापुड़ में वायरल बुखार का प्रकोप, लिवर पर भी दिख रहा असर


HALCHAL INDIA NEWS

जिले में वायरल बुखार के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। अस्पतालों में पहुंच रहे कई मरीजों में बुखार के साथ-साथ लिवर में सूजन और मुंह का स्वाद बिगड़ने की शिकायत सामने आ रही है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल में प्रतिदिन 40 से ज्यादा मरीज ऐसे लक्षणों के साथ इलाज के लिए आ रहे हैं। कुल संक्रमितों की संख्या 400 के पार बताई जा रही है।

चिकित्सकों के अनुसार वायरल संक्रमण के दौरान शरीर की प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो जाती है। तेज बुखार और गले में संक्रमण के कारण स्वाद और गंध महसूस करने की क्षमता कुछ समय के लिए प्रभावित हो सकती है। दवाओं का असर भी इसमें भूमिका निभाता है। अधिकतर मरीजों में यह समस्या कुछ दिनों में स्वतः ठीक हो जाती है।

डॉक्टरों ने बताया कि कई मरीजों की जांच में लिवर फंक्शन टेस्ट में एंजाइम का स्तर बढ़ा मिला है, जो लिवर में सूजन की ओर संकेत करता है। कुछ लोग बुखार से ठीक होने के बाद दोबारा संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं, जिनमें कमजोरी अधिक देखी जा रही है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि बुखार होने पर लापरवाही न बरतें, पर्याप्त पानी पिएं, हल्का व संतुलित आहार लें और आराम करें। लक्षण गंभीर होने पर तुरंत डॉक्टर से परामर्श लेना आवश्यक है।