Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

फाल्गुन पूर्णिमा पर गढ़मुक्तेश्वर के घाटों पर रहेगी भारी भीड़, तैयारियों में जुटा प्रशासन


HALCHAL INDIA NEWS

गढ़मुक्तेश्वर। फाल्गुन माह की पूर्णिमा के अवसर पर गढ़मुक्तेश्वर की गंगानगरी, पुष्पावती पूठ और लठीरा घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालु मां गंगा में स्नान कर पूजा-अर्चना करेंगे। इसे देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने व्यवस्थाएं दुरुस्त करनी शुरू कर दी हैं।

पंडितों के अनुसार फाल्गुन शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि सोमवार शाम 5 बजकर 55 मिनट से शुरू होकर बुधवार शाम 5 बजकर 7 मिनट तक प्रभावी रहेगी। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा करने से घर-परिवार में सुख-समृद्धि और शांति बनी रहती है। इस बार पूर्णिमा के साथ चंद्र ग्रहण का संयोग होने से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

गंगा स्नान के लिए ब्रह्म मुहूर्त सुबह 5:19 से 6:08 बजे तक रहेगा। वहीं अभिजीत मुहूर्त दोपहर 12:27 से 1:14 बजे तक निर्धारित है। इन शुभ समयों में स्नान और पूजन को अत्यंत फलदायी माना गया है।

नगर पालिका प्रशासन की ओर से घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। गंगा में लगाई गई बैरिकेडिंग को ठीक कराया गया है। साथ ही घाटों पर नाविकों और गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है, ताकि पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।