Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

होली के रंगों से सजा बाजार, अनोखी पिचकारियों की बढ़ी मांग


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

होली का पर्व नजदीक आते ही शहर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। रंग-गुलाल के साथ इस बार अलग-अलग डिज़ाइन की पिचकारियां ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं। खासकर बच्चों के बीच त्रिशूल, कुल्हाड़ी, हथौड़ा और बुलडोजर आकार की पिचकारियों को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। इलेक्ट्रिक पिचकारी भी इस बार चर्चा में है।

कोठी गेट, गोल मार्केट, रेलवे रोड, चंडी रोड, पक्का बाग और फ्रीगंज रोड जैसे प्रमुख बाजारों में होली सामग्री की दुकानों पर भीड़ दिखाई दे रही है। दुकानों पर कार्टून थीम वाली पिचकारियों के साथ फायर सिलिंडर स्टाइल और एक साथ रंग उड़ाने वाले गुलाल सिलिंडर भी उपलब्ध हैं।

मुखौटों में शेर, चीता, कार्टून किरदारों और डरावने चेहरों वाले मास्क बच्चों को लुभा रहे हैं। पानी में घुलने वाले रंग, फॉग स्प्रे और विभिन्न प्रकार के गुलाल की भी अच्छी मांग है। गुलाल सिलिंडर को लेकर युवाओं में खास उत्साह देखा जा रहा है, जिससे एक बार में रंगों की बौछार की जा सकती है।

इलेक्ट्रॉनिक गन पिचकारी का भी बाजार में अच्छा रुझान है। बटन दबाते ही रंग निकलने की सुविधा इसे खास बनाती है।

सराफा बाजार स्थित गुप्ता राखी के संचालक दुष्यंत बंसल के अनुसार, इलेक्ट्रिक पिचकारी 250 रुपये से 3000 रुपये तक मिल रही है। गुलाल सिलिंडर अलग-अलग वजन में 500 से 3000 रुपये तक उपलब्ध हैं। हर्बल और ऑर्गेनिक गुलाल 100 से 300 रुपये, गुलाल क्रैकर्स 50 से 500 रुपये तथा होर्स कैप करीब 90 रुपये में खरीदी जा सकती है।

त्योहार नजदीक आते ही बाजार में खरीदारी का उत्साह और बढ़ने की संभावना है।