HALCHAL INDIA NEWS
हापुड़।
चैत्र नवरात्र और रामनवमी पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए हापुड़ जनपद में सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व स्तर पर कड़ी कर दी गई है। जिले में प्रस्तावित 34 शोभायात्राओं और सात मेलों को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। संवेदनशील स्थलों, भीड़भाड़ वाले बाजारों और प्रमुख मंदिरों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।
एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह के निर्देशन में शोभायात्रा मार्गों पर लगातार गश्त, पिकेट ड्यूटी और मोबाइल टीमों को सक्रिय रखा गया है। प्रमुख धार्मिक स्थलों, पंडालों और मेला क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की गई है। भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग, मार्ग डायवर्जन और सुरक्षा घेराबंदी की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जा रही है। एंटी रोमियो स्क्वॉड को भी सक्रिय कर दिया गया है, जो मेलों और भीड़ वाले स्थानों पर लगातार निगरानी रखेगा।
संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों, धर्मगुरुओं और आयोजन समितियों के साथ बैठकें कर आपसी सौहार्द बनाए रखने और शांति से पर्व मनाने की अपील की है। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
शोभायात्राओं के दौरान संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए बिजली के ढीले तारों, ऊंचे वाहनों के आवागमन और मार्ग की स्थिति की भी जांच कराई जा रही है। यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है तथा प्रमुख चौराहों और मार्गों पर अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस तैनात की जाएगी।
अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने बताया कि पर्व के दौरान सुरक्षा के सभी मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। उन्होंने कहा, “जनपद में निकलने वाली सभी शोभायात्राओं और मेलों के लिए व्यापक सुरक्षा योजना तैयार की गई है। प्रत्येक रूट का भौतिक सत्यापन कराया गया है और संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर वहां अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीमें तैयार रहेंगी। सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी की जा रही है, ताकि अफवाह फैलाने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। हमारी प्राथमिकता है कि सभी श्रद्धालु निर्भय होकर धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लें और पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो।”
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, हुड़दंग या असामाजिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल तत्काल मौके पर भेजा जाएगा। प्रशासन ने नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
.jpg)






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)




Social Plugin