हापुड़।
एरियर और अन्य लंबित मांगों को लेकर बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कार्यालय पर चल रहा शिक्षकों का धरना फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। इस बीच विभाग की वित्त एवं लेखाधिकारी रीता आर्य का प्रभार जिला पंचायत के वित्तीय सलाहकार प्रवीण यादव को सौंप दिया गया है। उन्होंने शिक्षकों की समस्याओं को निर्धारित समय में सुलझाने का भरोसा दिलाया है।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिसौदिया और जिला मंत्री नीरज चौधरी ने बताया कि शिक्षकों के एरियर सहित कई मामले लंबे समय से लंबित पड़े हैं। इन्हीं समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर शिक्षक पिछले चार दिनों से धरने पर बैठे हुए थे।
शिक्षक नेताओं का आरोप है कि प्रशासन की ओर से पहले भी आश्वासन दिया गया था, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया। इसी वजह से शिक्षकों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।
शुक्रवार को विभाग में वित्त एवं लेखाधिकारी का कार्यभार बदलकर जिला पंचायत के वित्तीय सलाहकार को सौंप दिया गया। शिक्षक संगठन इसे अपने आंदोलन का असर बता रहा है, जबकि विभागीय अधिकारियों के अनुसार स्वास्थ्य कारणों के चलते यह बदलाव किया गया है।
शुक्रवार को बीएसए और नए वित्तीय सलाहकार ने धरना स्थल पर पहुंचकर शिक्षकों से बातचीत की और 31 मार्च तक एरियर सहित अन्य लंबित मामलों के समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद शिक्षकों ने अपना धरना अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया।
शिक्षकों ने स्पष्ट किया कि यदि तय समय सीमा तक उनकी अधिकांश समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो 24 मार्च से फिर से आंदोलन शुरू किया जाएगा।
इस मौके पर राजेंद्र यादव, सतेंद्र सिसौदिया, अंशु सिद्ध, महेश कुमार, रामकिशोर, आनंद सैनी, रितु श्रीवास्तव, रीना चौहान, ललित शर्मा, अमित भाटी, आशा, संजय कुमारी और सतेंद्र सहित कई शिक्षक मौजूद रहे।
.jpg)






.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)




Social Plugin